रविवार, 26 अक्टूबर 2014

कान्हा, तेरे संग !

कान्हा, तेरे संग  !

हे गोविन्द !
जब भी तुम्हारी आँखों में झांकती हूँ
अचंभित हो जाती हूँ।


तुम्हारी आँखों की अथाह
नील गहराई में ,
नीलिमा से परिपूर्ण तुम्हारी
गोल पुतलियों की परछाई में
सारी सृष्टि झांकती है ,मेरे कान्हा ।

तलहटियों की हरीतिमा
शिखरो का गाम्भीर्य
नदियों की चंचलता
तरुओं का उर्जस्वित वीर्य
किसलयों की मासूमियत
चहचहाता पक्षियों का कलरव
धूल उड़ाते रथ चक्र
स्फुलिंग छोड़ते अग्निवाण
सद्योजात शिशु
वात्सल्यपूर्ण तरुणियाँ
विस्फारित युवा नेत्र
संघर्ष करते जग जीवन के प्राण
धूं धूं जलती चिताएं
चिंता करते वृद्ध
विरुदावली संगीत
रास के रसमयी नृत्य
सब देखती हूं।

हे कन्हैया !
तुम्हारे नेत्र नेत्र नहीं
गहरा सागर है।

 मैं इस गहरे सागर में

गहरे उतरने का लोभ
संवरण नहीं कर पाती हूँ ।
तुम्हारे देखते देखते
मैं इन नीले नेत्रों में कूद जाती हूँ ।

तुम्हारी मधु मुस्कान ही
मेरा एकमात्र अवलम्ब है।

मैं जानती हूँ कि
इस अथाह गहराई की
गंभीर यात्रा में
तुम मेरे साथ रहोगे।

हे मेरे प्रभु ! हे मेरे माधव ! हे मेरे सखा !
तुम्हारा हृदय ढूंढती हूँ --
वहां करुणा है ,प्रेम है
दया है ,समदर्शिता और
आनंद है।
वहां सर्वत्र मैं हूँ ।

मैं तुम्हारी राधा
मैं तुम्हारी संगिनी
मैं तुम्हारी रास तरंगिनी
मैं तुम्हारी एकांत रागिनी
मैं ही तुम्हारी संघर्ष प्रिया
सर्वत्र मैं हूँ, मेरे कर्णधार !
मैं तुम्हारी करुणा ,
मैं तुम्हारी आत्मीयता
मैं तुम्हारी अंतरंगता
मैं ही तुम्हारी निः संग असंगता हूँ।

मीठा संतोष मुझे आच्छादित कर लेता है।

तुम अकेले नहीं हो।
मैं सर्वत्र तुम्हारे संग हूँ।......अरविन्द
( आज मेरे अनन्य आत्मीय श्री अनूप मित्रसेन ने राधा -कृष्ण के चित्र को भेजा है , यह कविता उसी को अर्पित है।  )

शनिवार, 25 अक्टूबर 2014

जय राम जी की !

जय राम जी की !
जय राम जी की !
कवि जी ! जय राम जी की।
कामनाओं की देख रहा हूँ
बसी हुई बसती।
जय राम जी की !
नया नया  है नित जीवन यह
नित नवीन अनुभव -अभिलाषी
नित नए को चाहे जग
नया कंथा नयी कंथी ।
नया रस रास ,नया भाव
नयी मौलिकता अन्वेषी।
नया पंथ हो ,नए शब्द हों
तू अब तक बना हुआ पुरातन पंथी।
जय राम जी की !

पुराण काल का प्रेम तुम्हारा 
बासी प्रेम कहानी।
बासी उपमा , अलंकार सभी , सब
बासी शैली बिंब बेचारी।
नायिका तो है श्याममुखी
तू कहता उसे  चंद्रमुखी।
जय राम जी की !
कवि तो क्रांतदर्शी होता है
न होता कुँए का डड्डू।
कब तक टर्र टर्र सुनेगें सारे
तू अटका देहबिंदु पर  बुद्धू।
गहरे उतरो ,मन में गहरे
बह रही नदी विविधा जीवन की ।
जय राम जी की !
सत्य कटु मधु चहुँ दिशि व्यापे
देख चमकते जग जीवन में
भांति -भांति के रवि शशि।
जय राम जी की ! …………… अरविन्द




शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2014

अब तो दरवाजा खोलो !

अब तो दरवाजा खोलो !

अनंत काल से

अनंत योनियों में
अनंत रूपों और
अनंत उमंगों से--
तुम्हें , तुम्हारे ही बनाए
रास्तों पर तलाश रहा हूँ।

अनंत आकाश के आच्छादन में
तुमने अपने रास्तों को
ऊँचे वृक्षों , रंग बिरंगे फूलों से सजाया है
तुम्हारी प्रकृति के
मायाचारी रंग मुझ अबोध को
बरबस लुभा लेते हैं , और
मैं विविधवर्णी रंगों में खो जाता हूँ।

तुम छिपे रहते हो,
तुम्हें ढूंढ़ नहीं पाता हूँ।
प्रेम करता हूँ प्रभु , तो
तुम बांसुरी बजाते हो।
अपनी थोथी जानकारियों के
ज्ञान को बघारता हूँ ,तो
तुम शंख बजाते हो।
उदास हो कर बैठ जाता हूँ , तो
आत्मीय बन कर्ण -कुहरों में
मधुर मदिर फुसफुसाते हो  ।
थक हार कर सो जाता हूँ ,तो
स्वप्न में आ मुझे जगाते हो।
बेहद तंग गलियों में घुमाते हो ,
प्रभु ,समझ नहीं आता --
प्रत्येक रास्ते पर तुम्हारा
दरवाजा महसूसता तो हूँ ,पर
द्वार दिखता नहीं है।


तुम्हीं बताओ कब तुम्हारे द्वार के
अदृश्य पट खुलेंगे ?
कब मुझे  मायाचारी प्रकृति के कुचक्र से
तुम मुक्त करोगे ?
कब अपनी लुका-छीपी का खेल
तुम ही खत्म करोगे?
कब मैं तुम्हें तलाश पाऊंगा ?
कब खोलोगे तुम कृपालु
अपना दरवाजा ?............. अरविन्द

शनिवार, 18 अक्टूबर 2014

अरविन्द वाणी

अरविन्द वाणी
तलवारों से नहीं जीती  जाती जंग मुहब्बत की
बोलना होगा हमें मुहब्बत महफूज़ रखने के लिए।
-----
हिसाब रखना समय का , दुआ का मुहब्बत में
उपकार जतलाना भी तो जख्म देने के बराबर है।
------
झूठ बोलने की तुम्हारी आदत गयी नहीं
मनाते भी हो और वह भी झूठ बोल कर । ………… अरविन्द

कहाँ नहीं मैं हूँ !

कहाँ नहीं मैं हूँ !

उदित हो रही उषा की लालिमा में
दुकूल सी सरसराती बयार के स्पर्श रस में
चहकती चिड़ियों की पुलकित पुलक में
भोर के तारे की चमकती किरण में
रंभाती गाय और मासूम बछडे की आँखों में


कहाँ नहीं मैं हूँ !

भीगे केश झटकती तन्वी की उठी बाहों में
चरखा कातती बूढी की कमजोर निगाहों में
कंधे पर बालक बांधे पत्थर ढोती स्त्री की चाहों में
गली में खेल रहे बच्चों की किलकारियों में
माखन बिलोती नारी की चूड़ियों की झंकृति में
खांसते बूढ़े की हिलती ठठरी में

कहाँ नहीं मैं हूँ !

उपदेश सुन रहे ऊँघते समुदाय में
किसी प्रवाचक की रसभरी कथा में
कीर्तन में बज रहे झांझ तबले की तिरकन में
मस्जिद से आ रही ऊँची अजान में
हवन की मंत्रबिद्ध आहुतियों में
देवताओं की मूर्तियों की टिकी आँखों में
आरतियों के संगीत गीतों में

कहाँ नहीं मैं हूँ !

बहती हुई नदी में उछलती मछली में
नदी में नहाते रेशमी वपु की तरंग में
क ख ग रटते बच्चों की सामूहिक ध्वनि में
सडकों पर धकयाती भीड़ में
राशन के लिए लपकते हाथों में
रोटी के लिए तरसती आँखों में
कवियों की तर्कहीन बातों में
अध्यापकों की बेबजह बहसों में

कहाँ नहीं मैं हूँ !

माथे की बेंदी, चूड़ियों की छनछन और
पायल की रुनझुन में
आँखों के सुरमे और वेणी की थिरकन में
दरवाजे पर खड़ी मुस्कान में
अप्रासंगिक बुढापे की थकान में

कहाँ नहीं मैं हूँ !

टिकटी पर की मृत देह में
जन्म लेते शिशु के भीगे नेह में
बिगड़े हुए यौवन के विकृत गेह में
क्रान्ति के लिए तड़पते हिय में
असफलता से विकल प्राण देह में
सफल उल्लसित नेह स्नेह में

कहाँ नहीं मैं हूँ !

सब जगह तो मैं हूँ
इसमें उसमें तुममें सबमें तो मैं हूँ
कहाँ नहीं मैं हूँ ।........अरविन्द

रविवार, 12 अक्टूबर 2014

आजकल

भाव न देख सन्दर्भ देखते हैं
रस ध्वनि व्यंजना वृत्ति नहीं
अर्थ भावार्थ संयोजना नहीं
बस लोग हैं कविता उधेड़ते हैं।

हर वर्ष


पाजेब कंकण चूड़ियां करघनी छन छन छनकती
हर वर्ष उतरता  है  संगीत सीढ़ियां  मेरे घर की ।...अरविन्द